प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और खेल राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह
- फोटो : amar ujala
राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज जयपुर महाखेल का शुभारंभ हुआ। इस दौरान युवा कार्यक्रम और खेल राज्यमंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पीएम नरेन्द्र मोदी के लिए कुछ ऐसा कहा कि सुनने वाले भी दंग रह गए।
दरअसल, जयपुर के आमेर स्थित नवलखा स्टेडियम में जयपुर महाखेल-2018 का शुभारंभ हुआ। वॉलीबाल और खो-खो जैसे खेलों को प्रोत्साहित करने के मकसद से शुरू हुए इस महाखेल का शुभारंभ केन्द्रीय खेल राज्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया। केन्द्रीय मंत्री राठौड़ ने यहां मौजूद खिलाड़ियों और लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का सिपाही और खिलाड़ी तिरंगे की शान के लिए लड़ते हैं। इनसे प्रेरणा लेकर ही यह महाखेल करवाया जा रहा है।
राज्यवर्धन राठौड़ ने समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे देश के ऐसे पीएम हैं जो 18 घंटे तक देश के लिए काम करते हैं। ये सुनकर यहां मौजूद लोग भी दंग रह गए और समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस मौके पर बीजेपी के संगठन मंत्री चंद्रशेखर सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।