राजस्थान विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू होगा। इस दौरान विपक्ष सरकार से इस्तीफे की मांग करेगा तो वहीं सत्तापक्ष ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति बनाई है।
राज्य विधानसभा का सत्र सुबह 11 बजे राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। यह सत्र हंगामेदार रहेगा। दरअसल, हाल में संपन्न लोकसभा की अलवर और अजमेर और विधानसभा की मांडलगढ़ सीट पर भाजपा की करारी हार से विपक्ष उत्साह में है। विपक्ष ने बजट सत्र में सरकार को घेरने की पूरी तैयारी कर रखी है।
विधानसभा में आज भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। उपचुनाव में हुई हार के बाद सकते में आई भाजपा ने सदन में एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि विपक्ष अपनी आदत के मुताबिक हंगामा करेगा, हम उसका सामना तर्कों के आधार पर करेंगे।