राजस्थान में मानसून एक बार फिर से सक्रिय हो गया है। बुधवार को कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। सिरोही के माउंट आबू में अतिभारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के 14 जिलों में जमकर बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग जयपुर के अनुसार गुरुवार को अजमेर, भीलवाड़ा, नागौर, पाली, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, जालोर, राजसमंद, सिरोही के आसपास के क्षेत्रों मे कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही जयपुर, जयपुर शहर, अलवर, बूंदी, कोटा, झुंझुनू, चूरू, सीकर , डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सवाईमाधोपुर जिलों आसपास के क्षेत्रों में मेघ मेहरबान रहेंगे। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में बारिश होने की संभावना कम है।
जयपुर, प्रतापगढ़, सिरोही, नागौर सहित 12 जिलों में बुधवार को बारिश हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान माउंट आबू में सबसे ज्यादा पांच इंच बरसात हुई। जिसके बाद कई जगह झरने बहने लगे। वहीं झालावाड़ में भी जोरदार बारिश हुई।मौसम विज्ञान के अनुसार राजस्थान में बारिश का दौर पूरे सप्ताह जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान में इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश जारी रहेगी। जबकि पश्चिमी राजस्थान में कुछ जिलों में हल्की बारिश देखने को मिलेगी। सात अगस्त को पश्चिमी राजस्थान में जमकर बादल बरसेंगे।