राजस्थान विधानसभा में सोमवार को एक काबिन मंत्री ने अपनी ही पार्टी के विधायक के नाम के साथ लंकेश जोड़ने का सुझाव दे डाला।
हालांकि ये सुझाव उन्होंने मजाक में दिया था। दरअसल अलवर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने शून्यकाल में अपनी विधानसभा क्षेत्र के पांच कस्बों के नाम के आगे श्री लगाने की मांग की। उनका कहना था कि किशनगढ़, रामगढ़, गोविन्दगढ़, लक्ष्मणगढ़ और बडौदामेव कस्बे देवताओं के नाम पर है। ऐसे में सम्मान के लिए इनके नाम के आगे श्री लगा देना चाहिए।
उनके इस सुझाव पर चुटकी लेते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि आहूजा के नाम के आगे भी कुछ लगाना चाहिए। लंकेश आ जाए तो अच्छा होगा। दरअसल ज्ञानदेव आहूजा रामलीला में रावण का रोल करते थे। साथ ही कई मुद्दों पर उन्होंने अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ बोलते नजर आए हैं। राठौड़ ने मजाक में उन पर एक तरह से राजनीतिक तंज कसा था।