राजस्थान में जारी सियासी संकट के बीच सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने एलान किया कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे।
इतना ही नहीं उन्होंने कहा, राजस्थान में जो कुछ हुआ, उसके लिए वे काफी दुखी हैं, वे काफी आहत हुए हैं। इसके लिए उन्होंने सोनिया गांधी से माफी भी मांगी है।
बताया जा रहा है कि अशोक गहलोत के बाद सचिन पायलट भी सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। वे पिछले दो दिन से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। इसी बीच मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म लिया है। उन्होंने कहा कि वे कल यानी आखिरी दिन नामांकन भरेंगे।
गहलोत ने कहा कि हमारे यहां हमेशा से कायदा रहा कि हम आलाकमान के लिए एक लाइन का प्रस्ताव पास करते हैं। मुख्यमंत्री होने के बावजूद मैं यह एक लाइन का प्रस्ताव पास नहीं करवा पाया, इस बात का दुख रहेगा। इस घटना ने देश के अंदर कई तरह के मैसेज दे दिए।
गहलोत जब सोनिया से मिलने जा रहे थे तो उनके हाथ में कुछ कागज थे। उसमें हाथ से लिखा हुआ माफीनामा था। यह कैमरे में कैद हो गया। इसमें हाथ से कुछ पॉइंट्स लिखे हुए थे, जिसमें सबसे ऊपर था 'जो कुछ हुआ उसका दुख है, इससे मैं बहुत आहत हूं'। इसके साथ ही तीसरे पॉइंट पर सचिन पायलट, सीपी जोशी सहित चार लोगों के नाम शॉर्ट फॉर्म में भी लिखे हुए थे।