हादसे में जान गवांने वाला जांबाज कमांडो भींवाराम
साथियों के साथ होटल में खाना खाकर लौट रहे पुलिस के एक जांबाज कमांडो ने दर्दनाक हादसे में अपनी जान गवां दी। नागौर जिले में मंगलवार की रात पुलिस महकमे के लिए काली रात साबित हुई। यहां हादसे में महकमे ने बहादुर और कुशल पुलिसकर्मी खो दिया। कुचामन शहर के डीडवाना रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पुलिस के कमांडो भींवाराम की मौत हो गई और उसके दो साथी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार कुचामन में कार्यरत कमांडो मंगलवार देर रात दो साथियों के साथ होटल पर खाना खाने गया था। लौटते समय मेगा हाइवे पर अज्ञात वाहन ने स्कॉर्पियो गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इससे स्कॉर्पियो गाड़ी रोड किनारे लगे एक साइन बोर्ड से जाकर भिड़ी, इससे स्कॉर्पियो गाड़ी ने पलटियां मारना शुरू कर दिया और गाड़ी कई पलटियां खाती हुई दूर जाकर गिरी। इससे गाड़ी में सवार नागौर पुलिस के जांबाज कमांडो भींवाराम भाकर की मौके पर ही मौत हो गई।