देश के राष्ट्रपति की सुरक्षा दस्ते में शामिल एक गार्ड ऐसा कांड करने जा रहा था जिसे जानने के बाद तो पुलिस वालों के भी होश उड़ गए। खुद को राष्ट्रपति का सुरक्षा गार्ड बताने वाला एक शख्स एक वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के झुंझुनूं जिले में स्थित गुढ़ागौड़जी कस्बे के यूको बैंक की शाखा का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। इस दौरान गार्ड और स्थानीय लोगों की जागरूकता से वारदात नहीं हो पाई। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक अपने आपको राष्ट्रपति की सुरक्षा में गार्ड बता रहा है।
एसपी मनीष अग्रवाल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी संदीप सिंह राष्ट्रपति की सुरक्षा में गार्ड है या नहीं इसकी पुष्टि करने में लगे हैं। जबकि आरोपी ने पूछताछ में दिल्ली में राष्ट्रपति सुरक्षा में गार्ड होने की बात कही है। मामले के अनुसार UCO Bank में रात को करीब 2:00 बजे तीन लोग बैंक का ताला तोड़ कर अंदर घुस गए।
मौके से गुजरे कुछ लोगों को लगा कि देर रात बैंक का शटर खुला हुआ है और बैंक के अंदर से आवाज आ रही है। मामला अलग लगने पर इस संबंध में स्थानीय पुलिस थाने में सूचना दी गई। सूचना पर थाने की गश्ती दल टीम मौके पर पहुंची और मौके के अलामात देखकर पुलिस ने थाने से अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया। खुले शटर को जैसे ही बंद करने की कोशिश की इस दौरान चार लोग बैंक से तेजी से बाहर निकले और भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया।