राजस्थान में दो लोकसभा एवं एक विधानसभा सीट पर कब्जा कर उत्साहित नजर आ रही कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टी को मिली इस जीत से जहां राजनीतिक विश्लेषक ये कयास लगा रहे हैं कि राजस्थान में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस बाजी मार सकती है तो वहीं राजनीतिक हलकों में इस बात को लेकर भी चर्चा है कि आखिर कांग्रेस से सीएम पद का उम्मीदवार आखिर कौन होगा।
हालांकि उपचुनाव के नतीजे वाले दिन पीसीसी में सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे भले ही लगे हों मगर इस समय कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के समर्थक उन्हें राजस्थान के भावी सीएम के रूप में देख रहे हैं। हालांकि इससे पहले गहलोत पायलट से भी जब पूछा गया कि क्या वो अगले सीएम बनने जा रहे हैं तो उन्होनें इस फैसले को पार्टी आलाकमान के उपर छोड़ने का हवाला देते हुए इनकार कर दिया।
ऐसे ही अब डूडी से भी जब पूछा गया तो वो भी इस सवाल से बचते नजर आए। उन्होनें कहा कि पार्टी में कई वरिष्ठ नेता हैं और मैं सीएम का उम्मीदवार बिल्कुल भी नहीं हूं। डूडी ने पायलट और गहलोत की बातों को दोहराते हुए कहा कि चुनावों के बाद कांग्रेस हाईकमान ही ये तय करेगा कि सीएम का चेहरा कौन होगा।