एक सरकारी अस्पताल में खाली पड़ा डॉक्टर का चेंबर और बाहर लाइन में लगे मरीज
- फोटो : Amar Ujala
राजस्थान में सेवारत चिकित्सकों की हड़ताल को लेकर गतिरोध अभी भी जारी है। सरकार इस मामले में सख्त रवैया अपनानते हुए काम पर नहीं लौटने वाले चिकित्सकों को सजा दिलाने के लिए हाईकोर्ट में प्रार्थना पत्र पेश करने की तैयारी कर रही हैं। उधर, चिकित्सकों ने 25 को महाबंद का आह्वान किया है।
राज्य सरकार की ओर से डॉक्टर्स को कल बातचीत के लिए भी बुलाया है। सरकार की ओर से दोपहर दो बजे बातचीत के लिए बुलाया है। हालांकि अभी तक हड़ताली डॉक्टर्स की ओर से अभी इस बारे में सहमति नहीं मिली।
पिछली हड़ताल के दौरान हुए समझौते को लागू नहीं किए जाने को लेकर राजस्थान में सरकारी चिकित्सक हड़ताल पर है। इस मामले में हाईकोर्ट तक भी दखल कर चुका है। अब राज्य सरकार की ओर से हड़ताली चिकित्सकों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई करने की गुहार करते हुए मुख्य न्यायाधीश के समक्ष प्रार्थना पत्र पेश किया जाएगा।
प्रार्थना पत्र का ड्राफ्ट तैयार कर उसकी एडवांस कॉपी याचिकाकर्ता अभिनव शर्मा को भेजी गई है। चिकित्सकों की ओर से 25 दिसंबर को महाबंद की घोषणा के बाद याचिकाकर्ता अभिनव शर्मा ने शनिवार को मुख्य न्यायाधीश के समक्ष प्रार्थना पत्र पेश कर लंबित अवमानना प्रार्थना पत्र की जल्द सुनवाई करने की गुहार की है। जिस पर संभवत: रविवार को सुनवाई हो सकती है।