बेहतरीन आईपीडी सेवाएं देने के लिए राजस्थान को देश में दूसरा स्थान हासिल हुआ है। केन्द्रीय चिकित्सा स्वास्थ्य राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते एवं अनुप्रिया पटेल ने राजस्थान में मरीजों को बेहतर आईपीडी सेवायें प्रदान करने पर ट्राफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।
प्रदेश को यह अवार्ड मध्यप्रदेश के इन्दौर में ‘गुड, रेप्लीकेवल प्रैक्टिसेज एंड इनोवेशन इन पब्लिक हैल्थ केयर सिस्टम’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में दिया गया। परियोजना निदेशक मातृत्व स्वास्थ्य डॉ. तरुण चौधरी एवं राज्य कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम डॉ. जलज विजय ने यह अवार्ड प्राप्त किया ।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने इस उपलब्धि पर विभाग की टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से आमजन को बेहतर चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के लिये हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वीनू गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा बेहतर चिकित्सा सेवायें मुहैया कराने के लिये भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, इंट्रीग्रेटेड एम्बूलेंस योजना जैसे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।