Rajasthan BJP MLA Madan Dilawar
- फोटो : ANI
कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसानों को लेकर राजस्थान के भाजपा विधायक मदन दिलावर ने विवादित टिप्पणी की है। मदन दिलावर ने कहा कि 'कुछ तथाकथित किसान आंदोलन कर रहे हैं। ये तथाकथित किसान किसी भी आंदोलन में भाग नहीं ले रहे हैं बल्कि खाली समय में चिकन बिरयानी और ड्राई फ्रूट्स का आनंद ले रहे हैं। यह बर्ड फ्लू फैलाने की साजिश है।'
दिलावर ने आगे कहा कि 'किसानों के बीच आतंकवादी, लुटेरे और चोर हो सकते हैं और वे किसानों के दुश्मन भी हो सकते हैं। ये सभी लोग देश को बर्बाद करना चाहते हैं। अगर सरकार उन्हें आंदोलन स्थलों से नहीं हटाती है, तो बर्ड फ्लू एक बड़ी समस्या बन सकता है।'
बता दें कि दिल्ली में डेढ़ महीने से अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन कर रहे किसानों के साथ केंद्र सरकार लगातार वार्ता कर समस्या को सुलझाने का प्रयास कर रही है। इस बीच भाजपा नेता मदन दिलावर का यह विवादित बयान राजनीति को गर्माने वाला है। मदन दिलावर का यह बयान सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है।
किसान नेताओं ने कड़े शब्दों में की निंदा
भाजपा के प्रदेश महामंत्री मदन दिलावर के बयान की किसान नेताओं ने कड़े शब्दों में निंदा की है। इन नेताओं ने मदन दिलावर पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप भी लगाया है। अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुलीचंद बोरदा ने मदन दिलावर द्वारा दिए गए बयान पर पलटवार किया है।
बोरदा ने कहा कि मदन दिलावर और भाजपा के नेता किसान आंदोलन को शुरू से ही बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। अलोकतांत्रिक तरीके के बयानबाजी करके किसान आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन आंदोलन पर भाजपा नेताओं की बयानबाजी का असर पड़ने वाला नहीं है। किसान आंदोलन से तभी उठेगा जब तक उसकी मांग पूरी नहीं होगी। बोरदा ने मदन दिलावर पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनका जनाधार लगातार खत्म होता जा रहा है, ऐसे में वह सिर्फ ऐसी बयानबाजी करके सुर्खियां बटोरने की कोशिश करते रहते हैं।