राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने एक मई को अपने फेसबुक पेज पर राज्य के लोगों से कोरोना महामारी के चलते शादियां नहीं करने की अपील की थी। उनकी इस अपील में एक युवक को अपनी गर्लफ्रेंड की शादी रुकवाने का मौका नजर आ गया। फिर क्या था, उसने सीएम से गुहार की- 'अशोक जी आप ही शादियों पर रोक लगा दो मेरी गर्लफ्रेंड की शादी होने वाली है, वह भी रुक जाएगी।'
कोटा में एक दिन में 75 शादियां स्थगित
राजस्थान में लागू लॉकडाउन का पालन कराने के अभियान के तहत कोटा ग्रामीण जिले की पुलिस ने उन परिवारों से संपर्क किया जहां शादी होनी थी और एक दिन में ही 75 शादियां स्थगित कराई। पुलिस उपाधीक्षक और इटावा के सीओ विजयशंकर शर्मा ने बताया कि उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) रविदत्त गौड़ के इलाके के दौरे के दौरान आश्रम दिगोड पुलिस थाने के दो बीट सिपाहियों और कैथुन पुलिस थाने के नवनीत ने बताया कि उन्होंने तीन परिवारों से संपर्क किया और इस महीने होने वाली शादी को स्थगित करने के लिए मनाया।उक्त सिपाहियों को 1,100 रुपये का पुरस्कार दिया गया है।
कोटा ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक शरद चौधरी के मार्गदर्शन में शनिवार सुबह ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान चलाया गया जिसमें बीट कांस्टेबल और थाना प्रभारियों ने परिवारों से संवाद किया और एक दिन में ही 75 शादियां स्थगित कराई।