देश भर में गो-तस्करी के गढ़ के रुप में पहचान रखने वाले अलवर जिले में लगातार पुलिस व गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं हो रही है। शनिवार देर रात अलवर के रैणी में फिर से पुलिस व गो-तस्करों के बीच जमकर फायरिंग हुई। इस दौरान एक गो-तस्कर की मौत हो गई जबकि एक मौके से फरार हो गया। हालांकि गो-तस्कर की मौत पुलिस फायरिंग में नहीं अपितु कैंटर के नीचे कुचलने के कारण हुई। मृतक की पहचान नूहं जिले के रहने वाले आस मोहम्मद के तौर पर हुई है। जबकि फरार गो-तस्कर का नाम राहुल बताया जा रहा है। अलवर पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश ने बताया कि जब्त कैंटर से 25 गोवंश मुक्त कराए गए है। जिनमें पांच मृत मिल है।
दौड़ाते रहे कैंटर
फाइल फोटो।
उन्होंने बताया कि आरोपियों का जब पुलिस ने पीछा किया तो वे कैंटर को काफी दूर तक दौड़ाकर ले गए। कैंटर के टायर फटने के बाद भी आरोपी रिम के सहारे ही कैंटर दौड़ाते रहे। इस दौरान वे पुलिस पर फायरिंग भी करते रहे। इस बीच आरोपी चलते कैंटर से कूद गए और आस मोहम्मद कैंटर के पहियों के नीचे आ गया। एसपी प्रकाश ने बताया कि आस मोहम्मद ने मौके पर दम तोड़ दिया। आस मोहम्मद की पहचान उसकी जेब से मिले मोबाइल से हुई। आस मोहम्मद के परिजनों का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं है कि आस मोहम्मद कहां गया था।