रोडवेज कर्मचारियों ने आज लोक परिवहन बसों के अलवर बस स्टैंड पर खड़े होने और रोडवेज परिचालक के साथ मारपीट करने के विरोध में जमकर नारेबाजी की। यहां अलवर बस स्टैंड के समीप स्थित रोड पर कर्मचारियों ने दाषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर कल बस स्टैंड के बाहर जाम लगाने की भी चेतावनी दी है।
एटक यूनियन के प्रदेश महामंत्री तेजपाल सैनी ने बताया कि 6 माह पूर्व अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर द्वारा समझौता कराया गया था। इसमें यह तय हुआ था कि लोक परिवहन की बसें बस स्टैंड परिसर से रवाना नहीं होगी। उनके लिए अलवर के कृषि उपज मंडी मोड़ पर खड़े होने की जगह दी गई। इसके बावजूद लोक परिवहन बस चालक अपनी मनमानी करते हुए बस स्टैंड से सवारियों को लेते हैं। आज सुबह अलवर के काली मोरी के समीप लोक परिवहन बसों के स्टाफ ने रोडवेज परिचालक के साथ मारपीट कर दी।
जिसके विरोध में सभी रोडवेज कर्मचारियों ने आक्रोशित होकर बस स्टैंड रोड पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि प्रशासन लोक परिवहन की बसों पर कार्रवाई नहीं करता है तो मजबूरन उन्हें शनिवार को जाम लगाने पर मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।