पट्टों को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
अलवर के जवाहर नगर स्थित वार्ड संख्या 39 के निवासी पट्टे की मांग को लेकर आज स्थानीय पार्षद सुरजीत सिंह के नेतृत्व में नगर विकास न्यास पहुंचे। जहां नगर न्यास सचिव को ज्ञापन सौंपा गया। इससे पूर्व लोगों ने न्यास गेट पर जमकर प्रदर्शन किया।
स्थानीय पार्षद का कहना था कि राजस्थान सरकार की ओर से शहरी विकास को लेकर शिविरों के माध्यम से पट्टा वितरण किया गया था, लेकिन कई लोगों द्वारा इसका दुरुपयोग किया गया। अवैध जमीनों पर पट्टे ले लिए गए। जिसकी जानकारी नगर विकास न्यास को लगने के बाद उस क्षेत्र में पट्टा वितरण रोक दिया गया। ऐसे में पट्टों के पात्र व्यक्ति पट्टों से वंचित रह गए।
इसके अलावा क्षेत्र में पानी और बिजली की समस्याओं को लेकर भी लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि जनप्रतिनिधि चुनाव के समय उनके पास आते हैं। लेकिन समस्या के समय जनप्रतिनिधि गायब हो जाते हैं। ऐसे में स्थानीय पार्षद सुरजीत सिंह ने समस्या समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।