चम्बल किनारे बसे कोटा में भी पेयजल की किल्लत से लोग परेशान है। सोमवार को रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र की दर्जनभर से अधिक कॉलोनियों में पेयजल किल्लत से जूझ रहे स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज लोगों ने दादाबाड़ी के जलदाय कार्यालय पर जमकर हंगामा किया।
पूर्व मंत्री राम गोपाल बैरवा की अगुवाई में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पहले तो जलदाय विभाग कार्यालय के गेट पर चढ़कर नारेबाजी की और फिर अधिकारियों के सामने मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पीसीसी महासचिव पंकज मेहता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पिछले कई महीनों से कुछ कॉलोनियों में कम दबाव से पेयजल सप्लाई हो रहा है तो कुछ में मात्र आधे घंटे पेयजल मिल पा रहा है। पूर्व मंत्री राम गोपाल बैरवा ने आरोप लगाया कि जलदाय अधिकारियों की वजह से इन कॉलोनियों में यह समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की निष्क्रियता की वजह से पेयजल योजना का काम पूरा नहीं हुआ और नया गांव में तो असामाजिक तत्वों ने पानी की टंकी पर कब्जा तक कर लिया। इसके बावजूद विभाग लोगों की कोई सुध नहीं ले रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलदाय अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जल्द ही रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठीक की जाए, नहीं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।