संजय लीला भंसाली ने अपनी फिल्म 'पद्मावती' में महारानी की छवि को धूमिल किया है। इसका हर हाल में विरोध होना चाहिए। ये कहना है फिल्म के विरोध में उतरी क्षत्राणियों का।
फिल्म 'पद्मावती' को लेकर आज अजमेर के कुंदन नगर छात्रावास में भी सैंकड़ों क्षत्राणियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला कलक्टर को महिला आयोग अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है। क्षत्रिय महिला संघ के बैनर तले जिले की क्षत्राणियों ने फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि राजघराने की महिलाएं जहां अपना नाखुन तक नहीं दिखने देती थीं, वहीं भंसाली अपनी फिल्म में महारानी पद्मावती को नर्तकी के रूप में पेश कर रहे हैं।
संघ की अध्यक्ष प्रेरणा शेखावत ने साफ कहा कि यदि इस फिल्म की रिलीज नहीं रुकवाई जाती है तो क्षत्राणियां भी पीछे नहीं रहेगी और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं करणी सेना के पदाधिकारियों ने आज अजमेर शहर के सिनेमाघरों के संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने पद्मावती फिल्म का प्रदर्शन नहीं करने की मांग की बात कही।