पशुपालन मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि कोटा संभाग में पशु नस्ल सुधार के लिए सीमन बैंक बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बैंक के बनने से अच्छी किस्म कें भैंस वंश और गौवंश के सीमन उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे अच्छी नस्ल के पशुओं का प्रजनन हो सकेगा।
सैनी ने यह बात ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट आयोजन में पशु फार्म का अवलोकन करने के बात कही। उन्होंने बताया कि कोटा संभाग में पशुपालन किसानों की आय का एक बड़ा जरिया है, लेकिन उन्नत नस्ल के पशुओं के बिना अपेक्षित दुग्ध उत्पादन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोटा जिले की कनवास तहसील के काल्याकुईं निवासी कालूराम गुर्जर के मुर्रा नस्ल के भैंसा लाखाराम उर्फ बाहुबली का सीमन्स को बस्सी स्थित सीमन बैंक में भेजा जाए।
युवराज और सुल्तान बन रहे हैं आकर्षण का केन्द्र
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के पशु फार्म में भैंस वंश की मुर्रा नस्ल के भैंसा युवराज और सुल्तान आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। हाड़ौती अंचल के विभिन्न हिस्सों से आए किसान और पशुपालक दोनों भैंसाओं के बारे में जानकारी लेने के साथ-साथ अपने मोबाइल से सेल्फी और फोटो तक ले रहे हैं।