पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त करने वालों में गजल गायकी और शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जयपुर अहमद हुसैन और मोहम्मद हुसैन (हुसैन बंधु), सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जयपुर के लक्ष्मण सिंह लापोड़िया, सामाजिक कार्य के लिए ही डूंगरपुर के सामाजिक कार्यकर्ता मूलचंद लोढ़ा शामिल हैं। नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार दो संस्करण में प्रदान किए गए। इस दूसरे संस्करण में बुधवार को सामाजिक कार्य, सार्वजनिक जीवन, विज्ञान, अभियांत्रिकी, व्यापार, उद्योग, मेडिसिन साहित्य, शिक्षा, खेल, सिविल सेवा और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नामचीन हस्तियों को देश के सर्वश्रेष्ठ नागरिक पुरस्कारों पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
25 जनवरी को हुई थी पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा
25 जनवरी, 2023 को विजेताओं के नामों की घोषणा की गई थी। उन विजेताओं को 22 मार्च को राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार सम्मान समारोह के पहले संस्करण में भी पुरस्कार दिए किए गए थे। बाकी बचे हुए पुरस्कार विजेताओं को बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इनमें राजस्थान के ये पुरस्कार विजेता शामिल रहे।
गजल गायक और शास्त्रीय संगीत में ख्याति प्राप्त हैं जयपुर घराने के हुसैन बंधु
गजल गायकी और शास्त्रीय संगीत में उत्कृष्ट योगदान के लिए जयपुर घराने से ताल्लुक रखने वाले अहमद हुसैन और मोहम्मद हुसैन को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। गजल गायकी के उस्ताद हुसैन बंधुओं का पहला एलबम गुलदस्ता 1980 में रिलीज हुआ था और अभी तक इनके 50 से ज्यादा एलबम आ चुके हैं। वर्ष 2000 में इनको संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। हुसैन बंधुओं ने पूरी दुनिया में गजल और शास्त्रीय संगीत के चैरिटी शो करके समाज सेवा में भी काफी योगदान दिया है।