सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से राज्य में संचालित राजकीय आवासीय विद्यालयों में रिक्त पदों को शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति से भरने के लिए 6 व 7 जून को साक्षात्कार लिए जाएंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक डॉ. समित शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग में कार्यरत प्राचार्य, व्याख्याता, वरिष्ठ शिक्षक, पुस्तकालयाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षक, प्रयोगशाला सहायक आदि पदों को भरने के लिए 31 मई तक आवेदन पत्र मांगे गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिनियुक्ति के इच्छुक कार्मिक अपना आवेदन निर्धारित आवेदन पत्र पर 31 मई तक स्वयं या डाक के जरिए प्रस्तुत कर सकेंगे। आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट http://sje.rajasthan.gov.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विषयवार रिक्त पदों की सूची एवं अन्य दिशा निर्देश विभागीय वेबसाइट sje.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। डॉ. समित शर्मा ने बताया कि बालिका आवासीय विद्यालयों के लिए महिला कार्मिकों को प्राथमिकता दी जाएगी।