राजस्थान में भाजपा के लिए शायद 'अच्छे दिन' नहीं चल रहे हैं क्योंकि पिछले डेढ़ माह में यहां पार्टी ने अपने दो सांसद,एक विधायक और एक बड़े नेता को खो दिया है। शनिवार देर रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में अलवर जिले के सांसद महंत चांदनाथ का बीमारी के चलते निधन हो गया।
61 वर्षीय चांदनाथ ने साल 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के भंवर जितेन्द्र सिंह को हराया था। भंवर जितेन्द्र सिंह कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बेहद करीबी माने जाते हैं। इससे पहले 9 अगस्त को अजमेर सांसद और किसान नेता सांवरलाल जाट का निधन हो गया था उसके 10 दिनों के भीतर राज्य खाद्यी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष और पूर्व विधायक शंभूदयाल बडगूजर की भी बीमारी के चलते मौत हो गई थी।
गत 28 अगस्त को ही भीलवाड़ा जिले मांडलगढ़ से विधायक कीर्ति कुमारी का स्वाइन फ्लू की बीमारी से निधन हो गया था। बीते 1 महीने में इस राजस्थान के 4 वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौत से प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मचा गया है और अब दो लोकसभा और एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे।