शिक्षा राज्यमंत्री के इलाके में स्थित एक स्कूल का प्लास्टर छात्राओं पर भरभराकर गिर गया। अचनाक हुए इस हादसे से एक बारगी को भगदड़ मच गई। छात्राओं ने कक्षा से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि शिक्षाराज्यमंत्री को इस बारे में जानकारी दी गई थी, लेकिन स्कूल की स्थिति नहीं सुधरी।
राजस्थान सरकार एक ओर डिजिटल क्लास रूम के दावे करती है, वहीं शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी के विधानसभा क्षेत्र की केन्द्रीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यायल के कमरों की स्थिति खासी दयनीय है। मंगलवार को जर्जर कमरे में अध्ययनरत छात्राओं पर प्लास्टर गिर गया। इससे एक छात्रा के सिर में गंभीर चोट आई है वहीं अन्य के मामूली चोटें आई हैं।
अजमेर के पुरानी मण्डी क्षेत्र में बनी केन्द्रीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 11 की छात्राएं पढ़ रही थी। अचानक भरभराकर क्लास रूम की छत का प्लास्टर गिर गया। इससे छात्राओं में अफरा तफरी मच गई वहीं छात्रा चेष्टा के सिर में गंभीर चोट आई। अन्य छात्राएं भी इसमें घायल हुई। घायल छात्राओं को जेएलएन अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें इलाज दिया गया। स्कूल प्रबंधन की मानें तो स्कूल की जर्जर अवस्था के संबंध में शिक्षा विभाग और स्वयं शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी को भी अवगत करवा दिया गया लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया।