प्रदेश में 1 जून 2017 से प्रदेशवासी आयुर्वेदिक, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सकों की भी परामर्श सेवाएं विभागीय टोल फ्री नम्बर 104 व 108 डायल कर प्राप्त कर सकते हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने बताया कि परामर्श सेवाएं देने वाले चिकित्सकों व अन्य स्टाफ को प्रशिक्षित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि यूनानी चिकित्सकों की सलाह सुबह 8 से 11 बजे, होम्योपैथिक की चिकित्सक सलाह सुबह 11 से दोपहर 2 बजे और आयुर्वेदिक चिकित्सा सलाह दोपहर 2 से सायं 6 बजे तक ली जा सकेंगी। सराफ ने बताया कि प्रशिक्षित चिकित्सक आमजन को विभिन्न बीमारियों से संबंधित चिकित्सकीय सलाह देंगे साथ ही आवश्यकतानुसार नजदीकी आयुष औषधालय में जाने के लिए औषधालय के बारे में भी आवश्यक जानकारी देंगे।
चिकित्सा मंत्री ने बताया कि इंटीग्रेटेड एम्बूलेंस सेवा के तहत टोल फ्री नम्बर 104 व 108 पर आपातकालीन एम्बूलेंस सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि टोल फ्री नम्बर पर भ्रूण लिंग जांच या जबरन गर्भपात की सूचना एवं अन्य शिकायत भी दर्ज करवाई जा सकती है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी एवं एलोपैथी चिकित्सकीय परामर्श सेवाएं भी इस नंबर पर डायल कर प्राप्त की जा सकती हैं।