भरतपुर जिले के स्टेट हाईवे 45 के पास बाणगंगा नदी के पुल के नीचे मिट्टी में चांदी के सिक्के दबे होने की चर्चा है और इन सिक्कों की खोज में ग्रामीण सुबह से शाम तक जुटे रहते हैं।
जानकारी के अनुसार यहां खेड़ली गंज की ओर जाने वाले स्टेट हाईवे 45 के पास बाणगंगा नदी के पुल के नीचे लोग चांदी के सिक्के दबे होने के चलते नदी की मिट्टी खोदने में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां कुछ दिन पहले एक व्यक्ति को खुदाई के दौरान चांदी के पुराने सिक्के मिले थे, जिन पर विक्टोरिया का चित्र अंकित है। इसके बाद यहां मालाहेड़ा आौर हिंगोटा गांव के लोग सिक्के ढूंढने के लिए मिट्टी खोद रहे हैं। हालांकि, अभी यहां दो दिन से किसी भी व्यक्ति के हाथ कोई सिक्का नहीं लगा है। उधर, पुलिस खुद इस पूर मामले को सिर्फ अफवाह के अलावा और कुछ नहीं मान रही।