मुहाना मंडी में कार्रवाई के दौरान सब्जी विक्रेता
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश की राजधानी जयपुर की सबसे बड़ी सब्जी मंडी में पॉलीथीन बैग का इस्तेमाल करना व्यापारियों को भारी पड़ गया।
नगर निगम जयपुर ने रविवार को मुहाना मंडी में कार्यवाही करते हुए 30 किलोग्राम प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए। साथ ही प्लास्टिक कैरी बैग इस्तेमाल करते हुए पाए जाने पर दुकानदारों से लगभग सवा लाख रुपए जुर्माना वसूला।
उधर, जगह-जगह गंदगी व्याप्त होने पर मुहाना मंडी की सफाई के ठेकेदार पर 11 हजार रुपए जुर्माना किया गया। नगर निगम जयपुर के अधिकारियों ने मुहाना मंडी के दुकानदारों से कहा कि भविष्य में सामान देने के लिए प्लास्टिक कैरी बैग का इस्तेमाल न करें और दुकान के अंदर व बाहर एक-एक डस्टबिन रखें। इस कार्यवाही के दौरान उपायुक्त मानसरोवर सुरेश कुमार नवल, उपायुक्त सांगानेर रामरतन शर्मा, एसडीओ सांगानेर जगत राजेश्वर सिंह, निरीक्षक सतर्कता नगर निगम जयपुर नरेश शर्मा आदि उपस्थित थे।