पाली के झाड़ली मानपुरा गांव में सवेरे एक पैंथर के आने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सेंदड़ा के जंगलों से आए पैंथर ने पहले तो एक गाय को शिकार बनाना चाहा लेकिन इसी बीच लाठियों से लैस गांववालों ने उसे घेर लिया।
गांववालों के डर से पैंथर एक पेड़ पर जा बैठा जिसके बाद वन विभाग ने एक वन रक्षक को मौके पर भेजा। गुस्साए ग्रामीणों से पैंथर को बचाने के लिए वन रक्षक पैंथर को पकड़ने का प्रयास करने लगा तो पैंथर ने उसपर ही हमला बोल दिया और वन रक्षक को बुरी तरह से घायल कर भाग निकला। ग्रामीणों ने पैंथर का पीछा कर उसे फिर से घेर लिया और काफी देर ग्रामीणों की भीड़ पैंथर को घेर कर खड़ी रही।
सूचना मिलने पर जोधपुर से पैंथर को पकड़ने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंची जिसके बाद पैंथर को काबू में करने के प्रयास शुरू किए गए। गौरतलब है कि पाली के सेंदड़ा इलाके में काफी तादाद में पैंथर पाए जाते हैं जो गर्मी के दिनों में खाने और पानी की तलाश में इस इलाके से सटे गांवों में पहुंच जाते हैं।
यहां से पैंथर ग्रामीणों के पालतू जानवरों को उठा ले जाते हैं जिससे गुस्साए ग्रामीण इनको मारने के लिए तैयार रहते हैं।