फिल्म 'पद्मावत' को लेकर एक मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा है कि रिलीज होने से पहले इस फिल्म को कोर्ट में आॅन स्क्रीन दिखाएं।
अदालत ने ये आदेश फिल्म के निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली, अभिनेता रणवीर सिंह और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के खिलाफ राजस्थान के नागौर जिले के डीडवाना में दायर एक एफआईआर को रद्द करने को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान दिए। भंसाली की ओर से याचिका में नागौर के डीडवाना में 17 फरवरी 2017 को दर्ज एफआईआर को निरस्त कराने की गुहार लगाई गई थी।
राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर पीठ में जस्टिस संदीप मेहता ने आज सुनवाई के दौरान स्पष्ट कहा कि रिलीज से पहले एक बार कोर्ट में ही फिल्म को प्रदर्शित किया जाए। उसके बाद तय करेंगे कि मामले में क्या करना है। मामले में अब अगली सुनवाई 23 जनवरी को होगी।