फिल्म 'पद्मावत' को लेकर करणी सेना द्वारा आज जनता कर्फ्यू के ऐलान के बीच कुछ जिलों में बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के उदयपुर संभाग में बुधवार देर रात एक रोडवेज बस में तोड़फोड़ और उसे आग के हवाले करने का प्रयास किया गया था। एेसे माहौल के बीच रोडवेज प्रशासन ने पूरे संभाग में आज रात 1 बजे तक के लिए बसों का संचालन बंद कर दिया है। उदयपुर-मावली रूट पर देर रात डूंगरपुर-जयपुर के बीच चलने वाली रोडवेज की बस को बोयना बस स्टैंड के पास 20-25 की संख्या में आए युवकों ने आग के हवाले करने की कोशिश की जिसके बाद बस के ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को भगाकर मावली थाने ले गया।
हालांकि प्रदर्शनकारियों ने बस के कांच फोड़ दिए और बस को काफी नुकसान पहुंचा ही दिया। आज प्रदेश के कमोबेश हर जिले में जनता कर्फ्यू का व्यापक असर देखने को मिल रहा है, जहां राजपूत समाज के लोग सड़कों पर उतर आए हैं।