फिल्म 'पद्मावत' रिलीज के मद्देनजर राजस्थान के कई जिलों में तोड़फोड़ और हंगामा हुआ, लेकिन राजस्थान के गृहमंत्री का कहना है कि यहां माहौल शांतिपूर्ण है। हालांकि, उन्होंने सिनेमाघर संचालकों को सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है।
राजस्थान के कई जिलों में हुए हिंसक प्रदर्शन के बावजूद गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने दावा किया कि प्रदेश में आज कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि अब भी सिनेमाघर संचालक सुरक्षा चाहते हैं तो वे इसके लिए तैयार हैं। कटारिया ने कहा कि उन्हें और जनता को पूरी तरह से सुरक्षा देने के लिए सरकार तत्पर है। उन्होंने कहा कि आज केवल दो शहरों जालौर और उदयपुर में हिंसक घटनाएं हुई, बाकि सभी जगह पर प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूण तरीके से प्रदर्शन किया है।
गृहमंत्री कटारिया ने प्रदर्शनकारियों से भी अपील की है कि वो कानून हाथ में ना लेते हुए शांति का रास्ता अपनाते हुए विरोध प्रदर्शित करें।