घर में टीवी खराब होने के बाद एक शख्स ने गाने सुनने के लिए जैसे ही अपना रेडियो आॅन किया वैसे ही बड़ा धमाका हो गया। उदयपुर शहर के गड़िया देवरा क्षेत्र में शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे एक दुकान में रेडियो में विस्फोट हो गया। इससे एक युवक की मौत हो गई।
युवक उस समय रेडियो पास में रख कर सुन रहा था। विस्फोट से उसके सीने, कंधे और चेहरे का मांस बाहर आ गया। हालांकि, पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है कि धमाका किससे और क्यों हुआ। हादसे में मारा गया देवीलाल (40) पुत्र नारायण कार मैकेनिक था और उसकी पत्नी उसके मकान के नीचे ही ड्राइक्लीन की दुकान चलाती है।
रात में टीवी खराब हो जाने के बाद देवीलाल नीचे दुकान में रखा रेडियो सुनने उतर आया। कुछ ही पलों में तेज धमाका के साथ देवीलाल का बायां हाथ और सीने से ऊपर का पूरा हिस्सा बिखर गया और खून के फव्वारे छूट गए।
देवीलाल की दुकान में उसके जगह-जगह मांस के लोथड़े फैल गए। इस बीच खून बहता हुआ दुकान के दरवाजे के नीचे से बाहर तक बह निकला वहीं देवीलाल ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर घंटाघर थाने से सीआई राजेन्द्र जैन पहुंचे। अंगों को इकट्ठा कर शव को महाराणा भूपाल चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।
देवीलाल की पत्नी मंजू ने बताया कि उसके पति के दुकान में पहुंचने के कुछ ही देर में धमाका हो गया। पुलिस ने रेडियो का प्लग सॉकेट में डालने पर शाॅर्ट सर्किट हो जाने से विस्फोट के होने की आशंका जताई है। घटना स्थल पर रेडियो और इलेक्ट्रिक उपकरण के पार्ट्स बिखरे मिले हैं।