जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
जयपुर जिला कलक्टर सिद्धार्थ महाजन ने जिले में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत संचालित गतिविधियों के रैंकिंग पैरामीटर्स की प्रगति में वृद्धि नहीं होने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, प्रथम (डीईओ) एवं जिला परियोजना समन्वयक (राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान) रतन सिंह यादव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
महाजन ने बताया कि डीईओ को बार-बार निर्देशित किए जाने के बावजूद राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान की गतिविधियों में अपेक्षित प्रगति अर्जित नहीं हुई है। जिले में आदर्श विद्यालयों में आईसीटी लैब एवं ब्रॉड बैंड इंटरनेट सुविधा की उपलब्धता के अलावा आंगनबाड़ियों के समन्वितिकरण, 80 जी पंजीयन तथा क्लिक योजना जैसी गतिविधियों में डीईओ द्वारा लापरवाही बरती गई है। इस कारण डीईओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्हें अपना लिखित स्पष्टीकरण सात दिवस के भीतर देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी प्रकार जिला कलक्टर सिद्धार्थ महाजन ने जिले में सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित गतिविधियों के रैंकिंग पैरामीटर्स की प्रगति में वृद्धि नहीं होने के कारण जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा (डीईओ) एवं जिला परियोजना समन्वयक (सर्व शिक्षा अभियान) उमराव लाल वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।