सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक ने कहा है कि प्रदेश में दो माह के भीतर सदस्यता अभियान चलाकर नए किसानों को सहकारिता से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए पंचायत समिति स्तर पर कैम्प लगाए जाएंगे तथा उप रजिस्ट्रार या सहकारी निरीक्षक को अधिकृत कर शक्तियां प्रदान की जाएगी।
किलक बुधवार को अपेक्स बैंक स्थित सभागार में सहकारिता विभाग एवं केन्द्रीय सहकारी बैंकों से जुड़े अधिकारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान 15 दिनों के लिए होगा। उन्होंने कहा कि व्यवस्थापक यदि कार्य में गड़बड़ करता है तो उसे बर्खास्त करने में अधिकारी हिचकिचाएं नहीं। सहकारिता मंत्री ने कहा कि विधानसभावार दो-दो ग्राम सेवा सहकारी समितियों का चयन कर आदर्श रूप में स्थापित किया जाएगा।
समितियों में ई-बाजार, ई-मित्र, किसान सुविधा केन्द्र, प्लेज लोन सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं किसानों को उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि ये समितियां अलग-अलग व्यवसाय करने वाली होगीं। उन्होंने कहा कि ग्राम सेवा सहकारी समितियां किसानों एवं सरकार के मध्य एक सेतु है और इनकी मजबूती से सीधे तौर पर किसानों को लाभ होगा।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश में ऋण वितरण तेजी से हो रहा है। खरीफ के लक्ष्य 9 हजार करोड़ रुपए के विरूद्ध लगभग 4 हजार 500 करोड़ रुपए का ऋण वितरण 10 लाख से अधिक किसानों को किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ऋण वितरण में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
किलक ने कहा कि 3 लाख नए सदस्यों को ऋण वितरण का कार्य भी चल रहा है और अब तक लगभग 7 हजार नए सदस्य किसानों को ऋण वितरित किया जा चुका है। अगस्त माह के अन्त तक लगभग 2 लाख नए किसान सदस्य ऋण से जुड़ जाएंगे। शेष को रबी सीजन में ऋण देकर लाभान्वित किया जाएगा।