कोटा में रविवार को राष्ट्रीय पक्षी मोर की बेकद्री का मामला सामने आया है। यहां कई घंटों तक मोर का शव सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन किसी राहगीर ने वन विभाग को इसकी सूचना नहीं दी।
मामला, कोटा शहर के दादाबाड़ी रोड से जुड़ा हुआ है। यहां रविवार को एक मोर मृत अवस्था में सड़क के किनारे पड़ा रहा, लेकिन राहगीरों ने इसकी कोई सुध नहीं ली। हालांकि, यहां तमाशबीनों की भीड़ जरूर लगी रही। लोग मोर की हालत देखकर अचंभित तो थे, लेकिन थोड़ी देर कानाफूसी करने के बाद फिर से अपनी राह पर चल पड़ते। दोपहर बाद जब किसी ने वन विभाग को मोर का शव पड़ा होने की सूचना दी, तब जाकर मौके पर तुरंत वन विभाग के कर्मचारी पहुंचे। विभाग के कर्मचारियों ने मृत मोर को वहां से उठाया और उसका पोस्टमार्टम कराने के लिए ले गए। अभी मोर की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने मोर को जहरीला दाना खिलाया, इसके बाद यह इधर—उधर भटकता हुआ शहर की सड़क पर आ गया।