मृतक रामप्रसाद और रोती बिलखती बहन
- फोटो : amar ujala
वह भाइयों को राखी बांधने के लिए पीहर आई थी। पीहर में कुछ ऐसा हुआ कि उसका एक भाई दुनिया से चला गया और दूसरा हवालात मे। ऐसे में यह बहन अपने भाइयों के राखी नहीं बांध सकी।
घटना राजस्थान के कोटा जिले से जुड़ी है। यहां बीती देर रात भाई ने भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। दरअसल, शहर के नदीपार क्षेत्र के सकतपुरा इलाके में नशे में धुत्त बड़े भाई ने अपने छोटे भाई से हुए झगड़े के बाद उसकी हत्या कर दी। बड़े भाई महावीर ने सरिये से वारकर छोटे भाई रामप्रसाद को मौत के घाट उतार दिया। इससे पहले उनके घर आई बहन कांती बाई ने दोनों भाइयों को समझाया भी, लेकिन भाइयों ने उसकी एक ना सुनी।
मामला इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई की जान ले ली। झगड़ा घर के बीच से निकलने वाले रास्ते को लेकर हुआ था। पुलिस ने हत्यारे भाई को हिरासत में ले लिया है। बहन कांती दोनों भाईयों को राखी बांधने अपने पीहर से आई थी। अब एक भाई दुनिया में नहीं है तो दूसरा हवालात पहुंच गया। इस हत्याकांड के बाद घर और मोहल्ले में मातम पसर गया है।