गुजरात एटीएस की गिरफ्त में दाउद उर्फ दाउदलाला
- फोटो : Internet
अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम का गुर्गा और राजस्थान का मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर 'दाउद'उर्फ दाउदलाला को गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद के जुहापुरा से गिरफ्तार कर लिया है। दाउद पर चित्तौड़गढ़ व प्रतापगढ़ जिलों में फायरिंग की घटना को अंजाम देने के कई मामले दर्ज हैं और वो 15-20 अन्य मामलों में भी आरोपी है।
राजस्थान पुलिस को काफी वक्त से इस कुख्यात गैंगस्टर की तलाश भी थी। दाउद अपने ममेरे भाई और कुख्यात अपराधी शरीफ खान के साथ मंगलवार को ही अहमदाबाद आया था जहां उन्होनें जुहापुरा इलाके में शरण ली।एटीएस ने खुफिया जानकारी के आधार पर दाउद को जुहापुरा इलाके से गिरफ्तार किया जिसके बाद अब उसे राजस्थान पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
दाउद को पकड़ने वाली एटीएस टीम के अनुसार गिरफ्तारी के समय दाउद के पास कोई हथियार या कोई दूसरी चीज़ नहीं पाई गई। गुजरात एटीएस के आईजी जे के भट्ट ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के निंबाड़ा के रहने वाले दाउद पर चित्तौड़गढ़ व प्रतापगढ़ में हत्या,फायरिंग के काफी मामले दर्ज है ऐसे में राजस्थान पुलिस दाउद को काफी समय से तलाश रही थी।
दाउद ने अपने तीन भाईयों के साथ मिलकर राजकोट के एक इलाके में फारूख और फरीद नाम के दो भाईयों पर आपसी रंजिश के चलते फायरिंग की थी जिसके बाद फारूख की मौत हो गई जबकि उसका भाई फरीद गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इन मामलों में है नामजद
गुजरात एटीएस के आईजी जे के भट्ट के अनुसार दाउद पर चित्तौड़गढ़ पुलिस ने 5 हजार रूपए का ईनाम रखा हुआ था। इससे पहले एक हत्या के मामले में दाउद तकरीबन 7 साल तक जेल की सजा काट चुका है जबकि एक बार वह अहमदाबाद पुलिस की हिरासत से भाग भी चुका है। दाउद उर्फ दाउदलाल 1990 के दशक में गुजरात पुलिस द्वारा मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात अंडरवर्ल्ड सरगना तथा अवैध शराब कारोबारी अब्दुल लतीफ गिरोह के मुख्य अपराधी शरीफ खान का ममेरा भाई है।