एमएलए अपने समर्थकों के साथ कलक्टर आॅफिस पहुंचे। कलक्टर ने बैठे-बैठे ही ज्ञापन लेने के लिए हाथ बढ़ाया तो एमएलए भड़क उठे।
मामला राजस्थान के करौली जिले का है। यहां विभिन्न समस्याओं को लेकर आज कांग्रेस के विधायक रमेश मीणा अपने समर्थकों के साथ कलक्टर आॅफिस पहुंचे। यहां कलक्टर के साथ उनका कुछ विवाद भी हुआ। इसके बाद वे मांगों का ज्ञापन कलक्टर अभिमन्यु कुमार को सौंपने लगे।
कलक्टर अपनी कुर्सी पर बैठे-बैठे ही ये ज्ञापन लेने लगे। मीणा को यह नागवार गुजरा। वे भड़क गए और उन्होंने अभिमन्यु कुमार को खड़े होकर ज्ञापन लेने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आपकों जनप्रतिनिधियों का सम्मान करना नहीं आता।
मीणा के इस व्यवहार पर कलक्टर एकाएक सकते में आ गए। आखिर खिसियाते हुए वे खड़े हो गए और फिर ज्ञापन लिया। इस संबंध में कांग्रेस के एमएलए रमेश मीणा का कहना है कि सरकार की ढिलाई के कारण ब्यूरोक्रेट्स मनमानी कर रहे है और वे जनप्रतिनिधियों का भी सम्मान नहीं करते। दूसरी तरफ जानकारों का कहना है कि हालांकि ऐसा कोई प्रोटोकोल नहीं है कि कलक्टर खड़े होकर कोई ज्ञापन ले।