एक अस्पताल के बाहर तीन दिन पहले सड़क पर हुए प्रसव मामले को चिकित्सा मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपना लिया है।
जांच रिपोर्ट के बाद राजस्थान के चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ ने जयपुर स्थित जयपुरिया अस्पताल में तैनात ग्रेड द्वितीय नर्स माया गुप्ता को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया गया है। साथ ही डीएनबी स्टूडेंट राधा अग्रवाल को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में चिकित्सा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए 5 सदस्यीय जांच समिति गठित कर 3 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यह कार्यवाही की गई।
वहीं, चिकित्सा मंत्री सराफ ने जयपुरिया चिकित्सालय में मरीजों एवं विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए अनवरत 24 घन्टे विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।