प्रदेश में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा जहां अलग अलग हिस्सों में हुए सड़क हादसों में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
श्रीगंगानगर के हिंदूमलकोट में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें 4 युवकों की मौत हो गई। बताया गया कि सड़क पर एक गधे को बचाने के प्रयास में एक कार पेड़ से जा टकराई जिसमें सवार 4 युवकों की मौत हो गई।
प्रतापगढ़ में मंगलवार सुबह दो बाइकों के बीच हुई भिड़ंत में एक जने की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। बांसवाड़ा जिले के पीपलोद गांव में बोलेरो व बाइक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच शवों का पोस्टमार्टम कराया लेकिन शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई। बांसवाड़ा के ही सल्लोपाट थाना इलाके में नेशनल हाइवे नं.113 पर स्थित मोनाडूंगर के पास एक जीप व कार में भिड़ंत हो गई जिसमें कार सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।
हनुमानगढ़ के टिब्बी में स्थित इंदिरा गांधी नहर की आरडी 571 में किसी अज्ञात वाहन के गिर जाने की जानकारी मिली। वाहन के नहर में गिरने की आशंका वहां मौजूद वाहन के टायरों के निशान से जताई गई है। हालांकि वाहन का अब तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है। भरतपुर में भरतपुर-उच्चैन मार्ग पर कार और बाइक के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा उन्हें मोर्चरी में रखवाया।
झुंझुनू के बुहाना में एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार किशोर की जान ले ली। बुहाना थाना इलाके में बड़बड़ गांव के पास पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी जिसके बाद बाइक सवार किशोर की मौत हो गई वहीं उसका साथी घायल हो गया।