दौसा जिले के सिकंदरा थाना इलाके में एक युवक द्वारा अपने ससुराल वालों से तंग आकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक के कमरे से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उसने अपनी सुसाइड करने के पीछे ससुराल वालों द्वारा तंग किया जाना बताया।
जानकारी के अनुसार दौसा के सिकंदरा में रहने वाले विष्णु विजय नामक कारोबारी मंगलवार को भरतपुर में अपने ससुराल से वापस लौटा और अपने आप को कमरे में बंद कर लिया। देर शाम को जब विष्णु के परिजन उसे उठाने के लिए गए तो फंदे से उसकी लाश लटकती हुई मिली जिसके पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
मृतक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि वो अपनी पत्नी,साली और ससुराल के अन्य परिजनों द्वारा परेशान होकर अपनी जान दे रहा है। विष्णु के परिजनों ने पुलिस को बताया कि विष्णु ने दूसरी शादी की थी और शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे काफी प्रताड़ित कर रहे थे। ससुराल वाले उसपर साली के साथ संबध बनाने का आरोप लगाकर रुपए ऐंठने का काम करते थे। इससे पहले भी विष्णु ने तंग आकर दो तीन बार आत्महत्या करने का प्रयास किया था। विष्णु ने अपने सुसाइड नोट में अपनी पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की है।