राजस्थान उच्च न्यायालय की ओर से लिपिक पदों की भर्ती परीक्षा रविवार को आयोजित की गई। जिला न्यायालयों में एलडीसी पदों के लिए यह परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा प्रदेश के 48 शहरों में हुई, जिसमें 1724 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक इस परीक्षा के लिए करीब 6 लाख परीक्षार्थियों पंजीकृत किए गए थे। प्रदेश में 1724 केंद्र बनाए गए, राजधानी जयपुर में 244 परीक्षा केंद्र थे। इन केंद्रों पर एक लाख परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। परीक्षा में नकल रोकने के लिए भी सख्त इंतजाम किए गए थे। कड़ी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया।
जयपुर में दूर दराज के इलाकों में परीक्षा केंद्र दिए जाने को लेकर परीक्षार्थियों ने शिकायत की। कोटा में प्रवेश पत्र की फोटो स्टेट करवाने के लिए भागदौड़ होती नजर आई।
वहीं अलवर में परीक्षा में कुल 15672 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। जिसमें 9278 परीक्षार्थी ही उपस्थित रहे 6394 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। परीक्षा के दौरान डिस्ट्रिक्ट जज हेमंत जैन के निर्देशन में परीक्षा करवाई गई। सभी केंद्रों पर प्रशासन की ओर से उड़नदस्ते लगाए गए।