प्रेस कांफ्रेस के लिए राजपूत सभा भवन जाते लोकेंद्र सिंह कालवी
- फोटो : amar ujala
विवादित फिल्म 'पद्मावती' को लेकर सबसे पहले विरोध के सुर मुखर करने वाली करणी सेना अब आर-पार लड़ाई के मूड में है। फिल्म बैन करने की मांग करते हुए श्री राजपूत करणी सेना के संरक्षण लोकेन्द्र सिंह कालवी ने एक दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है।
कालवी ने जयपुर के राजपूत सभा भवन में पत्रकारों से कहा कि अगर एक दिसंबर की तारीख आती है, तो फिल्म निर्माताओं को बहुत कुछ सहन करना पड़ेगा। कालवी ने कहा कि वे राजपूतों के त्याग व शौर्य और इस फिल्म के खिलाफ जनजागरण के तहत विभिन्न राज्यों में दौरे कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें देशभर से विभिन्न समुदायों का फिल्म के विरोध को लेकर समर्थन मिल रहा है।
कालवी ने कहा कि वे दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश आदि राज्यों में आने वाले दिनों में दौरे करेंगे और भारत बंद को लेकर जन समर्थन जुटाएंगे।