बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुके सूफी गायक कैलाश खैर से मिलते ही कैंसर पीड़ित बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और आंखों में चमक आ गई।
भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में कैंसर का उपचार करवा रहे बाल रोगियों से मिलने के लिए आज प्लेबैक सिंगर कैलाश खैर पहुंचे। कैलाश खैर ने कहा कि हमें इन बच्चों से सीख लेनी चाहिए। अपने जीवन में हर दिन एक चुनौती का सामना करने वाले ये बच्चे जीवन को किस तरह से सकारात्मक रूप से लेते हुए अपनी मुस्कान से आस-पास खुशियां बिखेर रहे हैं। इस मौके पर कैलाश खैर ने बच्चों को उपहार भी दिए।
पदमश्री से सम्मानित कैलाश खैर ने बच्चों की फरमाइश पर 'अल्लाह के बंदे हंस दे' गाना भी गाया। कैलाश खैर ने कैंसर के क्षेत्र में किए जा रहे सेवा कार्य को लेकर चिकित्सालय के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिला कोठारी को बधाई दी।