जयपुर का जवाहर कला केंद्र (जेकेके) में सोमवार से जूनियर समर प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का सिलसिला भी शुरू होगा।
जेकेके की महानिदेशक पूजा सूद ने बताया कि जेकेके में इस वर्ष संगीत, नृत्य, साहित्य एवं थिएटर के कार्यक्रमों का अनूठा मिश्रण देखने को मिलेगा। सूद ने बताया कि 15 मई से 20 जून तक जेकेके में जूनियर समर प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बच्चों के लिए लोक नृत्य, संगीत, केरिकेचर मेकिंग, मिनिएचर पेंटिंग, थिएटर के साथ-साथ कंटम्प्रेरी म्यूजिक एवं डांस पर विविध कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष के अन्य आकर्षणों में 6 दिवसीय राजस्थानी थिएटर फेस्टिवल, चिल्ड्रंस लिटरेचर फेस्टिवल 'बुकरू', पोएट्री फेस्टिवल, ओवरनाइट कंसर्ट, ध्रुपद फेस्टिवल, क्लासिकल डांस फेस्टिवल तथा फ्यूजन म्यूजिक एंड डांस फेस्टिवल शामिल होंगे। इनके अतिरिक्त युवा थिएटर निर्देशकों एवं कलाकारों के लिए कार्यशालाओं के आयोजन के साथ-साथ फिल्म एप्रीसिएशन कोर्स की सुविधा भी होगी। इसके साथ ही जेकेके की नवीनीकृत आर्ट गैलरीज में लम्बी अवधि की 3 म्यूजियम क्वालिटी की विजुअल आर्ट एग्जीबिशन लगाई जाएगी।
इस साल रिनोवेटेड ग्राफिक स्टूडियो की शुरुआत भी की जाएगी, जहां उभरते कलाकार ग्राफिक आर्ट के विभिन्न पहलुओं एवं तकनीकों के बारे में जान सकेंगे। इसके अतिरिक्त केन्द्र की पारिजात-1 एवं पारिजात-2 गैलरीज को भी बेहतर सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया जाएगा। यही नहीं, जेकेके द्वारा लघु थिएटर प्रस्तुतियों का संचालन भी किया जाएगा।