प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पत्नी जसोदा बेन की गाड़ी आज सुबह राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में जशोदा बेन बाल-बाल बच गईं, हालांकि उनके एक रिश्तेदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हो गए।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार चकनाचूर हो गई। जानकारी के अनुसार ये हादसा करीब पौने दस बजे हुआ। जसोदा बेन बारां जिले के अटरू कस्बे में मंगलवार रात आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आईं थीं और बुधवार सुबह वहां से इनोवा कार से अहमदाबाद के लिए लौट रहीं थीं। उनके साथ कार में 6 रिश्तेदार भी सवार थे।
हादसा उदयपुर से पहले चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित चित्तौड़गढ़-कोटा हाइवे पर स्थित बेगूं के नजदीक काटूंदा मोड़ पर हुआ। चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे नम्बर 27 फोरलेन हाईवे है और दुर्घटना स्थल चित्तौड़गढ़ से 45 किलोमीटर दूर है।