गुजरात के अहमदाबाद स्थित नर्मदा रिवर फ्रंट की तर्ज पर जयपुर में द्रव्यवती रिवर प्रोजेक्ट राजस्थान में अगले वर्ष होनेवाले विधानसभा चुनाव से पहले तैयार हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते नर्मदा रिवर फ्रंट तैयार करवाया था, जिसका उन्हें काफी फायदा मिला था। कुछ इसी तर्ज राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने द्रव्यवती रिवर प्रोजेक्ट को अगस्त, 2018 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि द्रव्यवती रिवर प्रोजेक्ट राज्य सरकार का एक लैंडमार्क प्रोजेक्ट है। गंदे नाले का रूप ले चुकी द्रव्यवती नदी को पुनर्जीवित करने के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को हर हाल में 15 अगस्त 2018 तक पूरा किया जाए। राजे बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर इस प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना देश में एक मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में सामने आएगी। टाटा प्रोजेक्ट्स के निर्देशन में विश्वस्तरीय विशेषज्ञों की सहयोग से इस परियोजना में गंदे पानी को साफ करने के लिए 170 एमएलडी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, वॉक-वे, जॉगिंग पार्क, ईको पार्क, सिटिंग एरिया, चैक डेम आदि बनाए जाएंगे जिससे कि नदी का खोया हुआ वैभव लौटेगा।
सिंगापुर के बॉटेनिकल गार्डन की तरह होगा विकसित
राजे ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत विकसित होने वाले उद्यानों को सिंगापुर के बॉटेनिकल गार्डन जैसे विश्वप्रसिद्ध उद्यानों की तर्ज पर विकसित किया जाए। साथ ही स्थानीय पारिस्थितिकी का भी ध्यान रखते हुए स्थानीय जलवायु के अनुरूप पौधे लगाए जाएं। इसके लिए लैंडस्केपिंग के विश्वस्तरीय विशेषज्ञों की सलाह ली जाए।