आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के लिए फंडिंग करने के मामले में गुरुवार को आरोपी जमील अहमद के खिलाफ चालान पेश किया गया। शहर की सत्र अदालत में करीब एक हजार पेजों की चार्जशीट पेश की गई।
सूत्रों के अनुसार जमील को 16 नवंबर 2016 को एटीएस ने सीकर से गिरफ्तार किया था। इसी मामले में पकड़े गए दूसरे आरोपी इकबाल के विरुद्ध जांच लंबित रखी गई है। दोनों आरोपियों पर आईएसआईएस के फंड जुटाने का आरोप है। गौरतलब है कि नवम्बर 2016 में राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर निवासी जमील अहमद को धरा गया था। जमील अहमद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 2003 से रहकर वहां एक प्रतिष्ठित फाइनेंस कंपनी में काम करता था। उसे भारत आने पर गिरफ्तार कर लिया गया था।
जमील अहमद पर आरोप है कि यूएई में रहकर वह आईएसआईएस के प्रचार-प्रसार के साथ इस आतंकी संगठन के लिए कई बार हवाला से पैसे पहुंचाए थे। जमील भारत के साथ बांग्लादेश में भी आईएसआईएस के लिए प्रचार कर रहा था।