जयपुर में आरएसएस स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन इन्द्रेश कुमार ने कहा कि आज नाजायज बच्चों और रेप के बढ़ने का कारण वेलेंटाइन डे है। इससे पूर्व इन्द्रेश कुमार जयपुर में ही गाय और गौमांस को लेकर दिए बयान के कारण भी सुर्खियों में रहें थे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इन्द्रेश कुमार अपने बयान के कारण एक बार फिर चर्चा में है। कुमार ने शुक्रवार शाम को कहा कि भारत में प्रेम में पवित्रता है, लेकिन वेलेंटाइन डे जैसे आयोजनों से इसका व्यवसायीकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जबसे वेलेंटाइन डे की शुरुआत हुई तब से पूरी दुनिया को हिंसा, रेप जैसे समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आरएसएस से जुड़े इन्द्रेश कुमार यह भी कह चुके है जो लोग गौमांस खाते है वह शैतान पार्टी से जुड़े हैं।
राजस्थान और इन्द्रेश कुमार का आपस में विवादों का नाता है। इससे पूर्व अजमेर बम ब्लास्ट में भी उनका नाम उछल चुका है। हालांकि जांच एजेंसी एनआईए ने अपनी रिपोर्ट में उन्हें क्लीन चिट दी थी। लेकिन जानकारी के अनुसार मामला अभी भी विचाराधीन है।