बम निष्क्रिय करने के बाद बम निरोधी दस्ता
कई सालों से जमीन में दबे जिंदा बम मिट्टी से बाहर निकले देख लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जैसे ही सेना को इसकी जानकारी मिली तो जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और बमों को निष्क्रिय किया।
जानकारी के अनुसार, भरतपुर जिले के नगला गोपाल गांव में जिंदा बम मिलने से सनसनी फैल गई। घबराए लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कुछ सतर्क ग्रामीणों ने तुरंत ही सैन्यकर्मियों को इसकी सूचना दी।
सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही भरतपुर के आयुध डीपो से एक बम निरोधक दस्ता मौके के लिए रवाना किया गया। यहां पहुंचे दस्ते ने एहतियातन इलाके को खाली करा दिया और बमों को एक-एक कर निष्क्रिय किया गया। जानकारी मिली है कि ये बम काफी पुराने थे जो कई साल पहले मिट्टी में दबे रह गए। हालांकि, ये किसी के छेड़ने पर अभी भी फटने की क्षमता रखते थे। गनीमत रही कि समय रहते सेना के पास सूचना पहुंच गई, वरना जान-माल का नुकसान हो सकता था।