तीन तलाक के मुद्दे पर सोमवार को आया कांग्रेस का बयान केंद्र सरकार के पक्ष को मजबूत करने वाला है। कांग्रेस का कहना है कि केवल तीन बार तलाक शब्द बोलकर या सोशल मीडिया के जरिए तलाक नहीं दिया जा सकता।
जयपुर आए कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को यहां पत्रकारों से कहा कि सोशल मीडिया पर तलाक देना अवैध है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप या ई—मेल पर तलाक नहीं दिया जा सकता है। सुरजेवाला ने कहा कि केवल तीन बार तलाक कहकर किसी को भी तलाक नहीं दिया सकता। गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री कपिल सिब्बल आॅल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की तीन तलाक के मुद्दे पर पैरवी कर रहें हैं।
सु्प्रीम कोर्ट में सिब्बल द्वारा दी गई यह दलील कि ट्रिपल तलाक सदियों पुरानी परंपरा है और इसे असंवैधानिक नहीं कहना चाहिए, के बाद कांग्रेस को चौतरफा हमलों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तीन तालक के मुद्दे पर भी कपिल सिब्बल के पैरवी करने से खासे नाराज हैं।
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कश्मीर की समस्या पर पूछे गए सवाल पर कहा कि सैनिकों की शहादत पर राजनीति करना गलत बात है।