अब खुले में पैंथर देखने आने वाले पर्यटकों की सहूलियत के लिए वन विभाग ने नए आदेश जारी किए हैं। अब सभी पर्यटकों को लेपर्ड सफारी के लिए जंगल में प्रवेश पहचान पत्र (आईडी) के आधार पर ही मिलेगा।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के झालाना के जंगलों में पैंथर सफारी के लिए वन विभाग ने काफी सख्त कदम उठाए हैं। प्रधान मुख्य वन संरक्षक, ए.के.गोयल के निर्देश पर उप वन संरक्षक, जयपुर सोनल जोरिहार ने झालाना वन क्षेत्र में प्रवेश के लिए तत्काल नई व्यवस्थाएं जारी करने के निर्देश दिए हैं।
नए आदेशों के अनुसार झालाना में आने वाले सभी पर्यटकों को अब प्रवेश पहचान पत्र (आईडी) के आधार पर ही मिलेगा व टिकट पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगा व अब जिप्सी का आंवटन भी रोस्टर के आधार पर विभाग ही करेगा।
उप वन संरक्षक सोनल जोरिहार के अनुसार झालाना वन क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों के साथ बदतमीजी करने वाले जिप्सी संचालक सुमित जुनेजा का लाईसेंस 3 महीने के लिए तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।